राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, नई SIT बनाने के दिए निर्देश

Supreme Court: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने जांच को लेकर अहम निर्देश दिए। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल रहे। अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार से किसी वरिष्ठ IPS अधिकारी की अगुवाई में विशेष जांच दल (SIT) का पुनर्गठन करने को कहा। मामले की अगली सुनवाई अब 27 जुलाई को होगी।

सरकार ने बताया- 8 आरोपी गिरफ्तार

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि इस मामले में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत ने पूछा कि फिलहाल जांच कौन कर रहा है। इस पर तुषार मेहता ने बताया कि पहले SIT गठित की गई थी और उसकी जांच में यह संज्ञेय अपराध (Cognizable Offence) पाया गया। इसके बाद पुलिस आगे की जांच कर रही है।

CJI बोले- अदालत राजनीति का मंच नहीं

सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा कि अदालत का उद्देश्य केवल निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करना है। उन्होंने सरकार से यह भी पता करने को कहा कि क्या दोबारा SIT गठित की जा सकती है। इस पर सॉलिसिटर जनरल ने सहमति जताई। CJI ने स्पष्ट कहा, “इस मामले का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। अदालतें राजनीति की जगह नहीं हैं।

यह सीधे अपराध से जुड़ा मामला है और हमारा ध्यान सिर्फ निष्पक्ष जांच पर है।” अब अगली सुनवाई में उत्तर प्रदेश सरकार नई SIT के गठन और जांच की प्रगति की जानकारी अदालत को देगी।

Also Read: बाराबंकी को सीएम योगी ने दी 542 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, विपक्ष पर बोला तीखा हमला 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.