राम मंदिर ट्रस्ट में CEO के बाद अब Joint CEO की तैयारी, सुदर्शन कुमार को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
Ram Mandir Trust: अयोध्या में राम मंदिर की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्र को मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। मिश्र अपना कार्यभार संभाल चुके हैं। आवासीय व्यवस्था होने के बाद उनके स्थायी रूप से अयोध्या में रहने की उम्मीद है। इसके बाद भविष्य की कार्ययोजना पर काम आगे बढ़ेगा।
CEO के सहयोग के लिए ट्रस्ट में विजन रखने वाले अनुभवी लोगों की टीम तैयार करने की जरूरत है। इसी कड़ी में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के कार्यकारी अभियंता सुदर्शन कुमार का नाम चर्चा में है। उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
मंदिर निर्माण में पहले भी दिया योगदान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पृष्ठभूमि से जुड़े सुदर्शन कुमार ने 2021-22 से DMRC से अवकाश लेकर राम मंदिर निर्माण में सहयोग किया था। वह अलग सेवाकाल के दौरान यहां सेवा देने वाले अकेले इंजीनियर रहे हैं।
इससे पहले IIT मुंबई के इंजीनियर जगदीश आफले, गिरीश सहस्त्र भोजनी, जगन्नाथ गुलवे और अविनाश संगमलेकर भी निर्माण कार्य में सेवाएं दे चुके हैं। सुदर्शन कुमार की भी अयोध्या में काम करने की इच्छा बताई जाती है।
Joint CEO और Deputy CEO के नाम जल्द तय होने की उम्मीद
ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन के कार्यकाल में सुदर्शन कुमार अयोध्या आए थे और करीब एक सप्ताह रुककर लौटे थे। जन्माष्टमी पर भी उन्हें आमंत्रित किया गया। उन्होंने रामलला के दर्शन के बाद महासचिव गोविंद देव गिरि और कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका से मुलाकात की।
महासचिव गोविंद देव गिरि 2 सितंबर को Joint CEO और Deputy CEO की नियुक्ति का ऐलान कर चुके हैं। 2 दिसंबर को प्रस्तावित ट्रस्ट बैठक से पहले नाम तय होने की संभावना है। सर्च कमेटी ने तीन श्रेणियों में तीन-तीन नामों का पैनल सौंपा है, इसी में से चयन होना है।

