प्रेमिका ने हत्या कर ट्रक के केबिन में जला डाली प्रेमी की लाश, एक महीने बाद खुला राज
Rampur News: रामपुर के बिलासपुर इलाके में करीब एक महीने पहले ट्रक के केबिन में ड्राइवर का जला हुआ शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर बलविंदर सिंह की हत्या उसकी प्रेमिका अमनदीप कौर ने की थी। इसके बाद वारदात को हादसा दिखाने के लिए ट्रक में आग लगा दी गई।
10 जुलाई को बलविंदर रुद्रपुर से सामान लेकर नेपाल बॉर्डर जा रहा था। पीलीभीत हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के आगे ट्रक के केबिन में उसका शव मिला था। पोस्टमार्टम में धुएं से दम घुटने की बात सामने आई थी।
परिवार के शक से शुरू हुई जांच
परिवार ने घटना को हादसा मानने से इनकार किया। उन्होंने हाईवे के CCTV फुटेज खंगाले तो ट्रक करीब तीन घंटे तक गायब मिला। इसके बाद हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी गई। करीब 15 दिन पहले अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू हुई।
पुलिस ने कॉल डिटेल और दूसरे नंबर से हुई बातचीत समेत अन्य तथ्यों की जांच की। इसके बाद अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया गया।
रॉड से हत्या, फिर ट्रक में लगाई आग
पुलिस के अनुसार, अमनदीप के बलविंदर से करीब तीन साल से संबंध थे। वह उससे छुटकारा चाहती थी। महिला ने बताया कि बलविंदर के पास उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो थे और वह उन्हें वायरल करने की धमकी देता था। इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद की है। आरोप है कि हत्या के बाद अमनदीप ने ट्रक के केबिन में डीजल डालकर आग लगा दी। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। एसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले का खुलासा हुआ।
Also Read: अयोध्या से 800 KM दूर घूस लेने पहुंचे पुलिसकर्मी, 2.80 लाख लेते ACB के चढ़े हत्थे

