पहले Facebook, अब X-Instagram हैक, बिजनौर पुलिस के सोशल मीडिया पर कौन भारी?
Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट लगातार साइबर हमले का शिकार हो रहे हैं। सोमवार को Facebook अकाउंट हैक होने के बाद मंगलवार को पुलिस का आधिकारिक X और Instagram अकाउंट भी हैक कर लिया गया। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। साइबर टीम ने तकनीकी कार्रवाई करते हुए दोनों अकाउंट को दोबारा रिकवर कर लिया।
बिजनौर पुलिस के X अकाउंट पर करीब 76 हजार फॉलोअर्स हैं। मंगलवार को हैकर ने अकाउंट पर कब्जा करने के बाद उसका नाम और प्रोफाइल फोटो बदलकर Ether.Fi कर दिया। इसके बाद पुलिस के आधिकारिक हैंडल से क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी प्रचार सामग्री पोस्ट की जाने लगी।
क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी पोस्ट हुईं शेयर
हैक किए गए अकाउंट से ETHFI क्रेडिट, कैश रिवॉर्ड और क्रिप्टो वॉलेट से संबंधित पोस्ट लगातार शेयर की गईं। बड़ी संख्या में ऐसी पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस की साइबर टीम तुरंत सक्रिय हुई। तकनीकी स्तर पर कार्रवाई के बाद अकाउंट को कुछ समय में रिकवर कर लिया गया और दोबारा पुलिस के नियंत्रण में ले लिया गया।
एक दिन पहले Facebook भी हुआ था हैक
सोमवार को बिजनौर पुलिस का Facebook अकाउंट भी हैक हुआ था। जानकारी मिलने के करीब आधे घंटे बाद उसे रिकवर कर लिया गया था। लगातार दो दिनों में सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने से पुलिस की साइबर सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हैकिंग के दौरान भेजे गए किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। निजी, बैंकिंग या अन्य संवेदनशील जानकारी भी साझा न करें। पुलिस की साइबर टीम मामले की तकनीकी जांच कर रही है।
Also Read: प्रेमिका ने हत्या कर ट्रक के केबिन में जला डाली प्रेमी की लाश, एक महीने बाद खुला राज

