Ranji Trophy 2025: दिवाली से पहले वैभव सूर्यवंशी का हुआ प्रमोशन, मिली बड़ी जिम्मेदारी
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय अंडर-19 टूर्नामेंट में धमाकेदार प्रदर्शन कर चुके बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए बिहार क्रिकेट टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति टीम के पहले दो राउंड के लिए की गई है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने रविवार को आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी।
टीम के कप्तान के तौर पर शकिबुल गनि को चुना गया है। बिहार टीम अपना पहला ग्रुप स्टेज मुकाबला 15 अक्टूबर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मोईन उल हक स्टेडियम में खेलेगी।

बिहार टीम की घोषणा
पियूष कुमार सिंह, भास्कर दुबे, शकिबुल गनि (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अर्णव किशोर, आयुष आनंद लोहरूका (विकेटकीपर), बिपिन सौरभ (विकेटकीपर), अमोद यादव, नवाज खान, साकिब हुसैन, राघवेंद्र प्रताप सिंह, सचिन कुमार सिंह, हिमांशु सिंह, खालिद आलम, सचिन कुमार।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी हाल ही में इंडिया अंडर-19 टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए थे।
उन्होंने पहले चार दिवसीय टेस्ट में 78 गेंदों में शतक जड़ा और 3 पारियों में कुल 133 रन बनाकर बहु-दिवसीय सीरीज में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।
इंग्लैंड में भी सूर्यवंशी ने कमाल का प्रदर्शन किया था। युवा वनडे मैच में उन्होंने सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया और 5 मैचों में 355 रन बनाए, जिसमें स्ट्राइक रेट 174.01 रहा।
इस शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी को रणजी ट्रॉफी में उपकप्तान के रूप में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, जिससे बिहार टीम की बल्लेबाजी लाइनअप और मजबूत होने की उम्मीद है।

