रवि किशन को ‘हाउस अरेस्ट’ करने की पत्नी ने कही बात, बोलीं- न निकलेंगे, न वायरल होंगे
Ravi Kishan: बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं। उनके डांस वीडियो से लेकर ‘कोठेश्वराय’ गाने और ‘मौन व्रत’ से जुड़े वीडियो तक लगातार वायरल हो रहे हैं। उनकी इस नई इंटरनेट पॉपुलैरिटी पर अब पत्नी प्रीति शुक्ला का मजेदार रिएक्शन सामने आया है।
एक मीडिया चैनल के सेगमेंट में रवि किशन ने बताया कि पत्नी ने मजाक में कहा कि उन्हें घर के एक कमरे में बंद कर देना चाहिए। रवि के मुताबिक, प्रीति ने बच्चों से कहा कि जब भी वह घर से बाहर निकलते हैं, इंटरनेट पर वायरल हो जाते हैं। इसलिए उन्हें कमरे में ही बंद कर दो, ताकि बाहर ही न जा सकें।
पत्नी ने पहले भी ‘बिग बॉस’ भेजा था
रवि किशन ने इस मजाक को अपने पुराने दिनों से जोड़ते हुए बताया कि एक समय वह 17 फिल्मों में एक साथ काम कर रहे थे। वह कार में सोते और एक दिन में कई शिफ्ट में शूटिंग करते थे। उन्हें लगा कि इस व्यस्तता के कारण उनमें घमंड आ रहा है। इसके बाद प्रीति ने उन्हें ‘बिग बॉस’ में भेजा। रवि के मुताबिक, तीन महीने के शो ने उनकी सोच बदल दी और वह ज्यादा सुलझे इंसान बनकर बाहर आए।
1993 में हुई थी शादी
रवि किशन और प्रीति शुक्ला की शादी 1993 में हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं- बेटियां रीवा, इशिता और तनिष्का और बेटा सक्षम।
हाल में रवि ने Gen Z के समर्थन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि युवा उनके स्टाइल और बयानों पर जिस तरह रील्स बना रहे हैं, उससे वह निशब्द हैं। एक्टिंग के साथ वह सांसद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। हाल में वह ‘धमाल 4’ में नजर आए। उनकी आने वाली फिल्मों में ‘मिर्जापुर: द फिल्म’, ‘खोसला का घोसला 2’, ‘आर्यभट्ट का जीरो’ और ‘मां बहन’ शामिल हैं।

