RBI ने 25 BPS बढ़ाया रेपो रेट, अब महंगे होंगे होम-कार लोन, EMI पर पड़ेगा सीधा असर

RBI Repo Rate Hike 2026: भारतीय रिजर्व बैंक की तीन दिवसीय मौद्रिक नीति समिति (MPC) बैठक के नतीजे सामने आ गए हैं। RBI ने रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट (BPS) की बढ़ोतरी कर इसे 5.50% कर दिया है। करीब साढ़े तीन साल से रेपो रेट 5.25% पर स्थिर था। अब इस बढ़ोतरी का असर होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज की EMI पर पड़ सकता है।

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा (Sanjay Malhotra) ने फैसले की जानकारी देते हुए वेस्ट एशिया संघर्ष और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का जिक्र किया। उन्होंने वैश्विक महंगाई और ऊर्जा कीमतों के कारण खाने-पीने समेत दूसरी वस्तुओं की कीमतों पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंता जताई।

2026 में चौथी MPC बैठक, अब बढ़ा रेपो रेट

साल 2026 में यह RBI की चौथी MPC बैठक थी। इससे पहले अप्रैल, जून और अगस्त में हुई बैठकों में Repo Rate 5.25% पर बरकरार रखा गया था। हालांकि, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के दबाव को देखते हुए इस बार 25 BPS की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही थी।

Repo Rate बढ़ने से EMI क्यों बढ़ सकती है?

रेपो रेट वह ब्याज दर है, जिस पर RBI बैंकों को शॉर्ट टर्म के लिए पैसा देता है। जब केंद्रीय बैंक यह दर बढ़ाता है तो बैंकों के लिए फंडिंग महंगी हो सकती है। इसका असर ग्राहकों को दिए जाने वाले लोन की ब्याज दरों पर पड़ सकता है।

खासकर फ्लोटिंग रेट वाले होम लोन और अन्य कर्ज में ब्याज दर बढ़ने पर EMI बढ़ सकती है या लोन की अवधि लंबी हो सकती है। वहीं Repo Rate में कटौती होने पर आमतौर पर कर्ज की लागत और EMI घटने की संभावना रहती है।

Also Read: त्योहारी सीजन में बढ़ेगी महंगाई, 71 रुपये तक बढ़ा कमर्शियल LPG सिलेंडर, जानें घरेलू गैस का दाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.