सुल्तानपुर में तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत, 3 की हालत गंभीर

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (Purvanchal Expressway) पर भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही यूपीडा (UPEIDA) के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल तीनों को एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) के रूप में हुई है।

जयंतो शर्मा ने बताया कि सभी Professional Tennis Players हैं और लखनऊ में मैच खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे। उनके मुताबिक सफर के दौरान सभी लोग सो रहे थे, इसलिए हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। कार में नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) भी सवार थे।

पुलिस ने हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हादसे (Purvanchal Expressway Accident) की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए।

Also Read: UP की वोटर लिस्ट में जुड़े 84.3 लाख नए नाम, 16.18 लाख आवेदनों का हिसाब नहीं, SIR लिस्ट पर सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.