देवपुर मस्जिदिया में कूड़ा नदी की कटान से जल्द शुरू होगा बचाव कार्य: रवि रंजन
सिद्धार्थनगर: कूड़ा नदी द्वारा हो रहे भीषण कटान को लेकर देवपुर मस्जिदिया गांव के ग्रामीणों की चिंता अब कुछ हद तक कम हो सकती है। शुक्रवार को ड्रेनेज खंड सिद्धार्थनगर के सहायक अभियंता रवि रंजन ने मौके का दौरा किया और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही कटान स्थल पर बचाव कार्य शुरू होगा।
कटान का यह स्थान केजी बांध के किलोमीटर 19.600 पर, देवपुर मस्जिदिया गांव के पश्चिम दिशा में स्थित है। यहां बाढ़ बचाव स्थल के डाउन स्ट्रीम हिस्से के पास कूड़ा नदी ने जमीन को तेजी से काटना शुरू कर दिया है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। खासकर बारिश का मौसम नजदीक होने के कारण लोग काफी चिंतित हैं।

निरीक्षण कर दिया आश्वासन
एसडीओ रवि रंजन ने अपने दल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ अवर अभियंता अखिलेश कुमार और अन्य तकनीकी टीम के सदस्य भी मौजूद थे। रवि रंजन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यह मामला शासन और उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जा चुका है और जल्द ही विश्वसनीय एवं टिकाऊ बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।
बचाव कार्य में नहीं होगी कोताही
एसडीओ ने बताया कि कटान की रिपोर्ट पहले से विभाग में मौजूद है और अब वह अपनी ओर से भी ताजा रिपोर्ट जमा करेंगे। उन्होंने कहा कि अनुरक्षण मद में धन उपलब्ध होते ही कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा, और कोशिश रहेगी कि बारिश से पहले ही सुरक्षात्मक काम पूरा कर लिया जाए।

स्थानीय लोगों ने जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण मुबारक खान, जेड.एच. खान, नसीम खान, नदीम खान, रेहान खान सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे। सभी ने कटान की गंभीरता को देखते हुए जल्द कार्य शुरू करने की मांग की। रवि रंजन ने उन्हें भरोसा दिया कि उनकी चिंता जायज है और विभाग इसे गंभीरता से ले रहा है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: ज्ञानवापी केस की सुनवाई करने वाले जज को जान का खतरा, कहा- परिवार भी असुरक्षित

