प्रयागराज: रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार, बढ़ा गृहकर ठीक कराने के बदले मांगे थे 20 हजार
Prayagraj Bribery Case: प्रयागराज में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन (Anti-Corruption Organization) की टीम ने नगर निगम की राजस्व निरीक्षक राधा देवी (Radha Devi) को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मंगलवार को नगर निगम कार्यालय जोन-7, फाफामऊ में की गई।
आरोप है कि राधा देवी ने बढ़े हुए गृहकर को सही कराने के बदले शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की प्रयागराज (Prayagraj) इकाई ने पहले मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
नगर निगम कार्यालय में पकड़ी गईं
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के मुताबिक, शांतिपुरम, फाफामऊ निवासी शारिक अहमद ने शिकायत की थी कि उनके गृहकर में बढ़ी हुई राशि को ठीक कराने के लिए राजस्व निरीक्षक की ओर से अवैध धनराशि की मांग की जा रही है।
मंगलवार को निरीक्षक विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में टीम नगर निगम कार्यालय जोन-7 पहुंची। निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने राधा देवी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों का सत्यापन कराने के बाद आगे भी नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read: नोएडा के 4 हजार करोड़ के लीजबैक मामले में PCS अधिकारी बर्खास्त, 2013 से चल रही थी जांच

