बांदा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक से टकराया तेज रफ्तार ऑटो, दो की मौत, चार घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के शनिवार को बांदा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार से जा रहा एक सीएनजी ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इस टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

यह हादसा बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे पर तिंदवारी थाना क्षेत्र के मुंगुस गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो में सवार यात्री बांदा की ओर जा रहे थे, तभी अचानक ऑटोचालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक में जा घुसा।

हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने एक बुजुर्ग और एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक बच्चा सहित चार अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ सदर राजवीर सिंह ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों का इलाज कराया जा रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा, हादसे में शामिल ऑटो और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Bareilly: देश विरोधी पोस्ट करने वाले दो युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर दी थी ये धमकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.