गंगा एक्सप्रेसवे पर फिर धंसी सड़क, 7 फीट का गड्ढा छिपाने के लिए बिछा दी सड़क जैसी चादर
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) पर सड़क धंसने का मामला एक बार फिर सामने आया है। लगातार बारिश के बीच बसीरतगंज टोल प्लाजा के पास एक्सप्रेसवे पर करीब 7 फीट गहरा गड्ढा हो गया।
मामला दही थाना क्षेत्र के बशीरतगंज गांव के पास किलोमीटर संख्या 423.6 का है। गड्ढा प्रयागराज की ओर जाने वाली लेन में रेस्ट एरिया के पास बना है। खतरे को देखते हुए इस लेन को फिलहाल बंद कर दिया गया है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गड्ढे वाली जगह को छिपाने के लिए सड़क के रंग और तारकोल जैसा दिखाई देने वाला कपड़ा बिछा नजर आ रहा है। वहीं कार्यदायी संस्था ने मौके पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
दूसरी बार धंसा Ganga Expressway
उन्नाव में पिछले करीब पांच दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर यह गड्ढा बना। इस मानसून सीजन में गंगा एक्सप्रेसवे के धंसने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है।
इससे पहले 17 अगस्त को दही थाना क्षेत्र के सोनिक गांव के पास किलोमीटर संख्या 421 पर सड़क के किनारे की करीब 200 मीटर मिट्टी बह गई थी। इसके बाद सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था और करीब दो दिन तक मरम्मत चली थी।
अब करीब 14 दिन बाद उसी इलाके से लगभग ढाई किलोमीटर आगे बसीरतगंज टोल प्लाजा के पास सड़क दोबारा धंस गई। इस बार करीब 5 फीट चौड़ा और 7 फीट गहरा गड्ढा होने की जानकारी सामने आई है।
36 हजार करोड़ से ज्यादा की लागत से बना है एक्सप्रेसवे
गड्ढा बनने के बाद Ganga Expressway से गुजरने वाले वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्रभावित लेन को बंद कर दिया गया है और मरम्मत का काम कराया जा रहा है।
बता दें कि करीब 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे (594 KM Ganga Expressway) 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। लगातार बारिश के दौरान सड़क धंसने की घटनाओं ने इसके निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: खबर का असर: भगवानपुर शिवपुर घोटाले में बीडीओ ने सचिव को थमाया कारण बताओ नोटिस, 2 दिन में मांगा जवाब

