‘इतनी गोलियां मारूंगी कि…’ हरदोई में लड़की ने पेट्रोल पंप कर्मचारी पर तान दी रिवाल्वर
Sandesh Wahak Digital Desk: हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती ने मामूली कहासुनी के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी पर रिवॉल्वर तान दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और बाद में सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।
घटना हरदोई के सांडी रोड पर स्थित एक सीएनजी स्टेशन की है। रविवार शाम करीब 6 बजे शाहबाद इलाके के निवासी एहसान खान अपनी बेटी सुरीश खान उर्फ अरीबा और पत्नी हुस्नबानो के साथ कार में सवार होकर सीएनजी भरवाने पहुंचे थे। जब सेल्समैन रजनीश कुमार ने सुरक्षा कारणों से कार में बैठे लोगों को उतरने को कहा, तो कार सवारों ने इसका विरोध किया। रजनीश के अनुसार, उसने कार में बिना उतरे सीएनजी भरने से मना किया, जिससे विवाद शुरू हो गया।
सेल्समैन पर तानी रिवाल्वर
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एहसान खान और रजनीश के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि एहसान की बेटी अरीबा ने गाड़ी से उतरकर रिवॉल्वर निकाली और सीधे रजनीश के सीने पर तान दी। इस दौरान उसने जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
इस पूरी घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और सेल्समैन रजनीश की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एहसान खान, उनकी बेटी अरीबा और पत्नी हुस्नबानो के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी जब्त कर लिया है और अरीबा व उसके पिता को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर आर्म्स एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

