यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइलों पर बढ़ा तनाव, ट्रंप की धमकी पर रूस का पलटवार
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी पर रूस ने कड़ा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर रूस जंग ख़त्म नहीं करता है तो अमेरिका यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें दे सकता है। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के वर्तमान उपाध्यक्ष दमित्री मेदवेदेव ने इस संभावित आपूर्ति को लेकर बड़ी और गंभीर चेतावनी दी है।
मेदवेदेव की चेतावनी, विनाशकारी हो सकते हैं हालात
दमित्री मेदवेदेव ने कहा है कि रूस के भीतरी इलाक़ों में हमले के लिए यूक्रेन को टॉमहॉक क्रूज़ मिसाइलों की आपूर्ति सभी पक्षों के लिए विनाशकारी हो सकती है। उन्होंने रूसी मेसेंजर ऐप ‘मैक्स’ पर एक पोस्ट में अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों की आपूर्ति किसी के लिए भी अच्छी नहीं होगी। टॉमहॉक के परमाणु संस्करण और पारंपरिक संस्करण के बीच अंतर करना असंभव है और उनका प्रक्षेपण अमेरिका की ओर से नियंत्रित किया जाएगा।
रूसी सैन्य विशेषज्ञ मिखाइल खोदारियोनोक ने भी इस बात पर ज़ोर दिया कि सोवियत काल से ही टॉमहॉक को अमेरिकी परमाणु हथियार के रूप में नामित किया गया है, और उनके प्रक्षेपण से रूस की मिसाइल-रोधी रक्षा प्रणाली से स्वचालित प्रतिक्रिया शुरू हो जाती है।

मेदवेदेव के इस बयान पर क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति कार्यालय) ने भी सहमति जताई है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा कि चूँकि टॉमहॉक मिसाइलों के प्रक्षेपण के लिए अमेरिकी विशेषज्ञों की भागीदारी की ज़रूरत होगी, इसलिए कीव को ऐसी मिसाइलों की संभावित आपूर्ति के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। पेस्कोव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ऐसी अत्याधुनिक मिसाइलों के संचालन के लिए अनिवार्य रूप से अमेरिकी विशेषज्ञों की भागीदारी की आवश्यकता होगी। यह एक स्पष्ट तथ्य है।
टॉमहॉक अमेरिका की सबसे ख़तरनाक मिसाइलों में से एक मानी जाती है। यह एक क्रूज़ मिसाइल है जिसे अमेरिका के सभी युद्धपोतों पर तैनात किया गया है। यह रडार और एयर डिफ़ेंस सिस्टम को चकमा देने में सक्षम है। इसे 2000 किलोमीटर दूर से भी छोड़ा जा सकता है और यह अपने लक्ष्य को सटीकता से भेद सकती है।
Also Read: भाषा विश्वविद्यालय के दीक्षांत में चमके किसान व डिजाइनर के बच्चे, छात्राओं ने मारी बाज़ी

