टीम इंडिया से इस्तीफे के 24 घंटे के भीतर मिली नई जॉब, KKR से फिर जुड़े रेयान टेन डोशेट
Ryan ten Doeschate: भारतीय क्रिकेट टीम के असिस्टेंट कोच पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद ही रेयान टेन डोशेट को नई जिम्मेदारी मिल गई है। उन्होंने मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को टीम इंडिया का साथ छोड़ा था और अब नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स ने उन्हें क्रिकेट स्ट्रेटजी हेड नियुक्त किया है। डोशेट को गौतम गंभीर का करीबी माना जाता है। जब गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच बने थे, तब उन्होंने डोशेट को भी अपने सहयोगी के रूप में शामिल किया था। इससे पहले दोनों कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में भी साथ काम कर चुके हैं।
ग्लोबल फ्रेंचाइजियों की रणनीति और स्काउटिंग संभालेंगे
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के अनुसार, रेयान टेन डोशेट अब सभी ग्लोबल नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजियों में क्रिकेट रणनीति, टैलेंट एक्विजिशन और खिलाड़ी विकास की निगरानी करेंगे। उनके जिम्मे स्काउटिंग, प्लेयर रिक्रूटमेंट, स्क्वॉड प्लानिंग और परफॉर्मेंस इवैल्यूएशन की रणनीति तैयार करना होगा। इसके अलावा वह कोचिंग टीमों के साथ मिलकर सभी फ्रेंचाइजियों में एक जैसी क्रिकेटिंग सोच और कार्यप्रणाली विकसित करेंगे। नई भूमिका के तहत वह CPL की ट्रिनबागो नाइट राइडर्स, ILT20 की अबू धाबी नाइट राइडर्स और MLC की लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के असिस्टेंट कोच भी रहेंगे।
CEO और डोशेट ने जताई खुशी
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के CEO वेंकी मैसूर ने कहा कि डोशेट की फ्रेंचाइजी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की समझ उन्हें इस भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त बनाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह नाइट राइडर्स इकोसिस्टम के अगले विकास चरण को मजबूती देंगे। हालांकि, अभी यह साफ नहीं किया गया है कि आईपीएल में KKR के साथ उनकी सटीक भूमिका क्या होगी।
अपनी नियुक्ति पर रेयान टेन डोशेट ने कहा कि वह नाइट राइडर्स परिवार में लौटकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि यह ग्लोबल कोचिंग और एनालिटिक्स टीमों के साथ मिलकर स्काउटिंग, खिलाड़ी विकास और लंबी अवधि की क्रिकेट रणनीति को मजबूत करने का शानदार अवसर है। बता दें कि डोशेट 2011 में बतौर खिलाड़ी KKR से जुड़े थे और 2022 में कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बने। उनके कार्यकाल में KKR ने 2024 में आईपीएल खिताब भी जीता था।

