सहारा रिफंड में 18.47 लाख जमाकर्ताओं का अंतर, RTI आंकड़ों ने उठाए सवाल

Sahara India: सहारा इंडिया के रिफंड का इंतजार कर रहे जमाकर्ताओं के बीच RTI से सामने आए आंकड़ों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। बागपत के बड़ौत निवासी RTI कार्यकर्ता नौशाद अली ने केंद्रीय रजिस्ट्रार कार्यालय से 24 अक्टूबर 2025 और 28 जुलाई 2026 को जानकारी मांगी थी। दोनों जवाबों में रजिस्टर्ड जमाकर्ताओं की संख्या अलग बताई गई।

पहले जवाब में 10 नवंबर 2025 तक 1,67,96,469 जमाकर्ताओं के रजिस्ट्रेशन की जानकारी दी गई। इनमें 1,40,45,099 ने दस्तावेज सफलतापूर्वक जमा किए थे। 17 नवंबर तक 34,35,874 वैध जमाकर्ताओं को 6,621.85 करोड़ रुपये वापस किए गए थे। कुल क्लेम 95,732.50 करोड़ रुपये बताया गया।

दूसरे जवाब में 18.67 लाख कम रजिस्ट्रेशन

28 जुलाई 2026 की RTI के जवाब में 3 सितंबर को बताया गया कि 1,49,48,879 जमाकर्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। 41,56,693 आवेदनों का सत्यापन हुआ और 9,267.89 करोड़ रुपये दिए गए। साथ ही 3,95,02,796 आवेदनों में कमियां बताई गईं।

दोनों आंकड़ों की तुलना में रजिस्ट्रेशन संख्या में 18,47,590 का अंतर है। नौशाद अली के मुताबिक RTI जवाब में इस अंतर का कारण स्पष्ट नहीं किया गया।

सरकार ने बताया, 41.56 लाख को मिला रिफंड

सहकारिता मंत्रालय ने 8 सितंबर को बताया कि 41,56,711 जमाकर्ताओं को 9,267 करोड़ रुपये आधार से जुड़े बैंक खातों में लौटाए जा चुके हैं। करीब 20 लाख आवेदन अभी प्रोसेसिंग में हैं।

कमियों वाले दावों के लिए री-सबमिशन की सुविधा भी उपलब्ध है। रिफंड प्रक्रिया 29 मार्च 2023 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत चल रही है और इसकी निगरानी पूर्व न्यायाधीश जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी के तहत हो रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.