सलमान खान की सुरक्षा में फिर सेंध, दो दिनों में दो घुसपैठ की घटनाएं, महिला समेत दो गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। बीते दो दिनों में गैलेक्सी अपार्टमेंट परिसर में दो बार घुसपैठ की घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में 36 वर्षीय महिला ईशा छाबड़ा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे में छत्तीसगढ़ निवासी जितेंद्र कुमार सिंह नाम के व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सलमान के फ्लैट के पास तक पहुंची महिला

पहली घटना बुधवार को घटी, जब एक अज्ञात महिला सुरक्षा को चकमा देकर गैलेक्सी अपार्टमेंट में दाखिल हो गई और सलमान खान के फ्लैट के बेहद करीब पहुंच गई। समय रहते पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया और गैरकानूनी घुसपैठ के आरोप में मामला दर्ज किया। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि महिला की मंशा क्या थी और वह सलमान तक क्यों पहुंचना चाहती थी।

20 मई को भी एक व्यक्ति ने की थी घुसपैठ

इससे पहले 20 मई को शाम करीब 7:15 बजे एक व्यक्ति गैलेक्सी अपार्टमेंट में एक रेजिडेंट की कार के पीछे छिपकर अंदर दाखिल हो गया था। इस शख्स की पहचान जितेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उस दिन सुबह करीब 9:45 बजे भी उसे परिसर के आसपास संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा गया था, लेकिन समझाने के बाद वह चला गया था।

बाद में वह दोबारा लौट आया और जब पुलिस ने उसे रोका, तो उसने गुस्से में अपना मोबाइल फोन जमीन पर फेंककर तोड़ दिया। पकड़े जाने पर उसने कहा, “मैं सलमान खान से मिलना चाहता हूं, लेकिन पुलिस मिलने नहीं दे रही थी, इसलिए छिपकर अंदर गया।”

पुलिस और सरकार ने जताई चिंता

दोनों घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई हैं। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा, “सलमान खान को पहले से ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान का खतरा है, इसलिए उन्हें वाई+ सुरक्षा दी गई है। अब इन घटनाओं के बाद उनकी सुरक्षा और भी कड़ी की जाएगी।”

क्या वाकई सलमान सुरक्षित हैं?

सलमान खान को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। अप्रैल में उनके घर के बाहर फायरिंग की घटना ने सभी को झकझोर दिया था। अब लगातार हो रही घुसपैठ की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।

गैलेक्सी अपार्टमेंट में दिन-रात पुलिस जवान तैनात रहते हैं, बावजूद इसके दो अनाधिकृत लोग सलमान के घर तक पहुंचने में सफल रहे। इन घटनाओं ने सलमान के प्रशंसकों को भी चिंतित कर दिया है और यह मांग उठ रही है कि उनकी सुरक्षा में कोई चूक न हो।

Also Read: प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: तीन सगी बहनों समेत 4 बच्चियों की मौत, परिवार में छाया मातम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.