सपा सांसद बर्क के बहनोई पर नर्स से दुष्कर्म का आरोप, तीन साल तक ब्लैकमेल कर किया शोषण
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के बहनोई पर एक नर्स ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला संभल कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है। पीड़िता मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र की निवासी है। उसने अपनी तहरीर में बताया कि 7 दिसंबर 2022 को उसने नखासा क्षेत्र के मोहल्ला दीपा सराय स्थित डॉ. जैद के बिस्मिल्लाह हॉस्पिटल में नर्स के रूप में नौकरी ज्वाइन की थी। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे डॉक्टर उस पर गलत नजर रखने लगा और उसे अपने जाल में फंसाने की कोशिश करने लगा।
दवा देकर किया बेहोश, फिर शुरू हुआ शोषण का दौर
पीड़िता के अनुसार, 15 सितंबर, 2022 को उसकी तबीयत खराब हो गई। इसी दौरान डॉ. जैद अस्पताल के ऊपर बने उसके कमरे में पहुंचे और उसे दवा देकर चले गए। दवा खाने के बाद वह बेहोश हो गई।
अगले दिन जब होश में आई, तो डॉक्टर ने उसे कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाईं और धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो नौकरी खत्म कर दी जाएगी और तस्वीरें वायरल कर दी जाएंगी।
तीन साल तक चलता रहा अत्याचार
FIR में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद आरोपी डॉक्टर ने करीब तीन वर्षों तक उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण किया। इस दौरान वह उसे नैनीताल, हल्द्वानी, बरेली, रामपुर जैसे शहरों के होटलों में ले जाता रहा और वहां उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता का यह भी आरोप है कि कई बार उसे गर्भनिरोधक और गर्भपात की दवाएं भी जबरन खिलाई गईं, ताकि घटना का खुलासा न हो सके।
पीड़िता ने बताया कि आखिरी बार 19 अगस्त, 2024 को आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी और मुरादाबाद में ही दूसरी जगह काम करने लगी। लंबे समय तक मानसिक दबाव और डर के कारण वह चुप रही। आखिरकार उसने हिम्मत जुटाई और अपनी मां को पूरी घटना के बारे में बताया। जब पीड़िता की मां ने आरोपी के पिता मोहम्मद असलम से शिकायत की, तो उन्होंने कथित तौर पर गाली-गलौज कर उन्हें भगा दिया।
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और अब मामले की जांच चल रही है। संभल पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी डॉ. जैद के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल, धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
Also Read: मन की बात में बोले पीएम मोदी: पश्चिम एशिया के संकट से घबराने की जरूरत नहीं, अफवाहों से बचें

