सरनेम की वजह से सरफराज खान टीम से बाहर! कांग्रेस और ओवैसी ने लगाए आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय घरेलू क्रिकेट के धाकड़ बल्लेबाज सरफराज खान (Sarfaraz Khan) का चयन विवाद में घिर गया है। भारत ए और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली सीरीज के लिए टीम का ऐलान हो गया है, लेकिन इसमें सरफराज खान (Sarfaraz Khan) को जगह नहीं मिली। इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन के बावजूद उनके बाहर होने से क्रिकेट प्रेमी और राजनीतिक दल दोनों हैरान हैं।

कांग्रेस ने लगाया भेदभाव का आरोप
यहां कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने इस चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बीसीसीआई और टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, क्या सरफराज (Sarfaraz Khan) को उनके सरनेम की वजह से नहीं चुना गया… बस पूछ रही हूं। हम जानते हैं कि गौतम गंभीर इस मामले में क्या सोचते हैं? वहीं कांग्रेस की इस टिप्पणी ने क्रिकेट और राजनीति के बीच एक नई बहस को जन्म दे दिया है।

ओवैसी ने भी उठाए सवाल
वहीं AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी बीसीसीआई से सवाल किया कि सरफराज को इंडिया ए टीम में क्यों नहीं चुना गया। उन्होंने कहा कि जब सरफराज ने हाल ही में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 92 रनों की शानदार पारी खेली थी, तब उनका ड्रॉप होना चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है। ओवैसी ने आगे कहा, एक खिलाड़ी जिसने फिटनेस पर मेहनत कर 17 किलो वजन घटाया और लगातार रन बनाए, उसे मौका न देना समझ से परे है।
धर्म कार्ड खेलना गलत
वहीं पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अतुल वासन ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि सरफराज खान को जरूर और मौके मिलने चाहिए थे, लेकिन इसे धर्म से जोड़ना गलत है। उन्होंने कहा, भारतीय क्रिकेट में कभी धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं हुआ। सरफराज प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्हें उनके प्रदर्शन के दम पर अवसर मिलना चाहिए।
Also Read: दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा बने लेफ्टिनेंट कर्नल, राजनाथ सिंह ने प्रदान की मानद उपाधि

