स्कूल वैन चालक ने चार साल की छात्रा से किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी के तालकटोरा थाना क्षेत्र में एक बेहद झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक निजी स्कूल की वैन चलाने वाले ड्राइवर ने चार साल की मासूम नर्सरी छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने और डॉक्टरों की जांच के बाद इस घिनौनी करतूत का पर्दाफाश हुआ। पीड़िता की माँ की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की माँ के अनुसार, उनकी चार वर्षीय बेटी राजाजीपुरम के एक प्राइवेट स्कूल में नर्सरी की छात्रा है। माता-पिता दोनों कामकाजी हैं और एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जिसके चलते उन्होंने बेटी को स्कूल लाने-ले जाने के लिए एक वैन लगा रखी थी। इस वैन को मूल रूप से उन्नाव का रहने वाला गिरीश मिश्रा चलाता था।
डॉक्टरों की जांच में हुआ खुलासा
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को जब बच्ची स्कूल से लौटी तो बेहद डरी-सहमी थी और उसकी तबीयत भी नासाज लग रही थी। शनिवार को जब उसकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई और उसने पेट दर्द व बुखार की शिकायत की, तब परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहाँ डॉक्टरों ने जब बच्ची का परीक्षण किया, तो खुलासा हुआ कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। यह सुनते ही माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर गिरीश मिश्रा को दबोच लिया। जब थाने में बच्ची का सामना आरोपी से कराया गया, तो वह उसे देखते ही बुरी तरह रोने और चिल्लाने लगी। मासूम ने रोते हुए अपनी माँ को बताया कि आरोपी गिरीश पिछले कई दिनों से उसके साथ गलत हरकतें कर रहा था।
तालकटोरा थाना प्रभारी के मुताबिक, पीड़िता की माँ की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं, पीड़ित बच्ची को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले में स्कूल प्रशासन, वैन के अन्य बच्चों और स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है ताकि मामले के हर पहलू की गहनता से तफ्तीश की जा सके।
Also Read: लखनऊ में रंगदारी न देने पर युवक को लाठी-रॉड से पीटकर किया अधमरा

