Gen-Alpha के प्रदर्शन से योगी सरकार अलर्ट, स्कूलों की 14 बिंदुओं पर होगी जांच, सभी DM को आदेश

UP Schools: दिल्ली के जंतर-मंतर पर जेन-जी (Gen-Z) के आंदोलन के बाद अब उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से जेन-अल्फा (Gen-Alpha) के प्रदर्शनों की खबरें सामने आ रही हैं। कई जगहों पर विद्यार्थियों ने स्कूलों की व्यवस्था और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया है। इसी बीच योगी सरकार (Yogi Adityanath Government) ने प्रदेश के स्कूलों को लेकर प्रशासन को अलर्ट किया है।

सरकार ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों (DM) को निर्देश दिया है कि विद्यार्थियों को विद्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधायुक्त और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण मिले। स्कूलों में पढ़ाई के साथ खेलकूद, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।

स्कूलों की सुविधाओं और पढ़ाई पर नजर

मुख्य सचिव एसपी गोयल की ओर से 14 बिंदुओं में जारी आदेश में कहा गया है कि UP के Schools के इंफ्रास्ट्रक्चर (Infrastructure) को मजबूत किया जाए, साफ-सफाई रखी जाए और विद्यार्थियों व अभिभावकों (Parents) के साथ नियमित संवाद किया जाए। सोशल मीडिया, मास मीडिया या अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों की तत्काल जांच कर प्रमाणिक स्थिति डीएम के माध्यम से सामने रखने को कहा गया है।

बेसिक शिक्षा के स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प (Operation Kayakalp) के तहत साफ पानी, अलग-अलग शौचालय, हाथ धोने की व्यवस्था, ब्लैकबोर्ड, मिड डे मील किचेन, बिजली कनेक्शन और बिजली उपकरणों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में प्रोजेक्ट अलंकार (Project Alankar) के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं की निगरानी करने के साथ कंपोजिट ग्रांट, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और स्कूलों में सुचारू पठन-पाठन पर भी जोर दिया गया है।

बारिश और कस्तूरबा स्कूलों की व्यवस्थाओं पर भी फोकस

बारिश के मौसम को देखते हुए स्कूल परिसरों में जलभराव और गंदगी न हो, इसके लिए विकासखंडवार टीमें बनाकर निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल भवन, शौचालय, किचेन शेड, बिजली उपकरण, पीने के पानी और पेड़-पौधों की स्थिति की जांच कर कमियों को स्थानीय स्तर पर दूर करने को कहा गया है।

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों (Kasturba Gandhi Girls Residential Schools) में सुरक्षित वातावरण, महिला वार्डेन, साफ पानी, शौचालय और किचेन की सफाई, गुणवत्तापूर्ण भोजन, बिजली और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। महिला अधिकारियों से समय-समय पर इन स्कूलों का भौतिक निरीक्षण कराने को भी कहा गया है।

प्रदेश (UP) के सभी Schools तक पहुंचने वाली सड़क, बाउंड्रीवाल, जल निकासी और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ भवनों के ऊपर से गुजर रही HT/LT बिजली लाइनों को शिफ्ट करने और पीएम पोषण योजना (PM POSHAN) के तहत गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यार्थियों की सुरक्षा और निजता (Safety & Privacy) का ध्यान रखने के साथ शिक्षकों की गरिमा बनाए रखने और निजी स्कूलों में भी विद्यार्थियों की सुविधाओं पर ध्यान देने को कहा गया है। पैरेंट-टीचर एसोसिएशन (Parent-Teacher Association) की नियमित बैठकें कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Also Read: लखनऊ में Gen-Alpha के प्रदर्शन का बड़ा असर, UP में टीचरों की नियुक्ति का आदेश जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.