मुजफ्फरनगर में डंपर और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, परिवार के 4 लोगों की मौत, 3 घायल
Muzaffarnagar Accident: मुजफ्फरनगर में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लक्सर में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर पुरकाजी लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो भैंसलीवाला गांव के पास सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में प्रॉपर्टी डीलर और उत्तराखंड में होटल कारोबारी आदेश (49) समेत परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में निशा (38), उनकी बेटी श्रद्धा (10) और राखी (35) शामिल हैं। वहीं आदेश की पत्नी रूबी और परिवार की सदस्य कुसुम गंभीर रूप से घायल हुई हैं, इसके अलावा एक और सदस्य घायल हुआ है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जन्मदिन की पार्टी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर के नई मंडी निवासी आदेश के मौसा राधेश्याम का सोमवार को लक्सर में 75वां जन्मदिन मनाया गया था। पार्टी में शामिल होने के बाद आदेश अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ रात करीब 11 बजे स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे।
पुरकाजी क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर भैंसलीवाला गांव के पास पहुंचते ही उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो गई। हादसे (Muzaffarnagar Accident) की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
राहगीरों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर पुरकाजी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में रूबी और कुसुम को जिला अस्पताल भेजा गया है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे (Muzaffarnagar Accident) के बाद बचाव कार्य कराया गया। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है।
Also Read: फर्रूखाबाद में जमीन के लिए दादा को पोते ने मारी गोली, तमंचा छोड़कर हुआ फरार

