कालकाजी इलाके में ध्वस्तीकरण से पहले बढ़ी सुरक्षा, आतिशी बोलीं- झुग्गियों पर चलने वाला है बुलडोजर

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के कालकाजी इलाके में स्थित भूमिहीन कैंप में ध्वस्तीकरण की तैयारी से पहले भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आतिशी ने मंगलवार को यह दावा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार झुग्गीवासियों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर रही है।

आतिशी ने आरोप लगाया कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने झुग्गियों को “अवैध कब्जा” बताते हुए वहां नोटिस चिपकाए हैं, जिनमें तीन दिन के भीतर घर खाली करने का आदेश दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि तय समयसीमा में घर न खाली करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “कल भाजपा सरकार इस कैंप पर बुलडोजर चलाने वाली है। आज जब झुग्गीवासियों ने शांतिपूर्ण विरोध की योजना बनाई, तो हजारों पुलिस और सीआरपीएफ जवानों को इलाके में भेज दिया गया।”

AAP ने उठाए सवाल

उन्होंने भाजपा नेता रेखा गुप्ता पर सवाल उठाते हुए कहा, “रेखा गुप्ता जी, आपने तो कहा था कि कोई झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी। फिर इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षा बल क्यों तैनात किए गए हैं?”

इस बीच, भाजपा की ओर से पहले ही यह स्पष्ट किया जा चुका है कि अदालत के आदेशों का पालन करना जरूरी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को बयान दिया था कि सरकार अदालत द्वारा जारी किए गए ध्वस्तीकरण आदेशों को नजरअंदाज नहीं कर सकती। उन्होंने यह भी दावा किया कि झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जा चुकी है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले आम आदमी पार्टी ने दक्षिण दिल्ली में बारापुला फ्लाईओवर के पास मद्रासी कैंप की झुग्गियों को गिराए जाने की भी आलोचना की थी। पार्टी का आरोप है कि इस तरह के अभियान गरीबों के जीवन को अस्थिर कर रहे हैं।

Also Read: दिल्ली के द्वारका में अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, दो मासूमों की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.