UP News: बागपत के बूढ़पुर गांव में 15 दिनों में 12 मौतों से सनसनी, CMO बोले- ‘सिर्फ 9 मौतें, सभी…’

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के रमाला क्षेत्र के बूढ़पुर गांव में बीते 15 दिनों में हुई मौतों से दहशत का माहौल है।

Baghpat News

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके पीछे गंदे नाले से उठने वाली जहरीली गैस और प्रदूषित वातावरण को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। वहीं, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बढ़ते जनरोष और मीडिया रिपोर्ट्स के बीच, मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. तीरथलाल ने इस मामले पर बयान जारी किया है।

उन्होंने कहा कि, “गांव में 12 नहीं बल्कि 9 लोगों की मौत हुई है। सभी मृतक पूर्व से ही बीमार थे और उनकी उम्र भी अधिक थी। प्रथम दृष्टया ये मौतें स्वाभाविक प्रतीत हो रही हैं।”

हालांकि एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने की घोषणा की है।

टीम को गांव में भेजा गया है, जहां लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी और आवश्यक दवाएं वितरित की जाएंगी। डॉ. तीरथलाल ने यह भी बताया कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है।

ग्रामीणों में डर का माहौल, नाले को बताया मौतों की वजह

बूढ़पुर गांव की आबादी लगभग 8,000 है। लगातार हो रही मौतों के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि गांव से गुजर रहा गंदा नाला बीमारी का मुख्य कारण है।

उनका कहना है कि नाले से उठती जहरीली गैस और प्रदूषित हवा के कारण सांस, हृदय और अन्य बीमारियां फैल रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ मौतें सुबह टहलते समय, कुछ खेत में काम करते हुए और कुछ नींद में ही हुई हैं।

प्रशासन से उठी मांगें

ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले की त्वरित सफाई, गांव में पर्यावरण और जल गुणवत्ता की जांच तथा निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

हालांकि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौतों को ‘स्वाभाविक’ बताया गया है, लेकिन विशेषज्ञों की टीम द्वारा व्यापक पर्यावरणीय और चिकित्सीय जांच कराना आवश्यक माना जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

Also Read: ATM कार्ड बदलकर लाखों की ठगी करने वाले चार शातिर गिरफ्तार, दो इनामी बदमाश घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.