Sensex 736 अंक उछला, Nifty 23,850 के पार, अमेरिका-ईरान डील से आई तेजी

Share Market News : अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता और हॉर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने की पुष्टि के बाद सोमवार को शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 736.38 अंकों की छलांग लगाकर 76,264.33 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 231 अंक चढ़कर 23,853.90 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 76,821 के स्तर पर भी पहुंच गया था और निचले स्तर पर 76,140 रहा। यानी पूरे दिन में 680 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया।

रुपया भी मजबूत हुआ

तेजी सिर्फ शेयर बाजार तक सीमित नहीं रही। अमेरिका-ईरान तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई और डॉलर भी कमजोर हुआ। इसका असर रुपए पर पड़ा और भारतीय मुद्रा मजबूत हुई।

किन शेयरों में रही सबसे ज्यादा तेजी?

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 22 के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। सबसे ज्यादा तेजी ट्रेंट के शेयर में देखी गई, जो 5.35 फीसदी चढ़ा। इसके अलावा इंडिगो, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट और इटरनल के शेयर भी तेजी से उछले।

हालांकि बाजार में तेजी रही, लेकिन कुछ शेयर लाल निशान पर भी बंद हुए। NTPC का शेयर 1.64 फीसदी गिरा। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदानी पोर्ट्स और सन फार्मा के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए।

अमेरिका-ईरान संघर्ष खत्म होने की संभावना से सिर्फ भारत ही नहीं, पूरी दुनिया के बाजारों में तेजी देखी गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5 फीसदी से ज्यादा उछला, जापान का निक्केई भी 5 फीसदी चढ़ा। शंघाई और हांगकांग के बाजार भी हरे निशान पर बंद हुए।

विशेषज्ञों ने क्या कहा?

एक्विरस वेल्थ के एमडी अंकुर पुंज ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रुपए की मजबूती से निवेशकों में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को उम्मीद है कि जंग खत्म होने और तेल की कीमतें घटने के बाद विदेशी निवेशक (FII) जल्द ही भारतीय बाजार में लौटेंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.