BSF के अलंकरण समारोह में बोले शाह, जवानों ने दुश्मन की गोलियों का जवाब गोले से दिया

Operation Sindoor: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अलंकरण समारोह में शिरकत की, जहां उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि भारत ने अब सिर्फ रक्षा नहीं, बल्कि आक्रामक रुख अपनाते हुए पाकिस्तान को उसकी हरकतों का करारा जवाब देना शुरू कर दिया है।

बीएसएफ और सेना की बहादुरी को किया सलाम

गृहमंत्री ने बीएसएफ के योगदान की तारीफ करते हुए कहा, आपने नक्सलवाद, आतंकवाद और पूर्वोत्तर भारत में शांति बहाल करने में जो भूमिका निभाई है, वह प्रशंसनीय है। आपने जो उदाहरण पेश किया है, वो दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गया है।

ऑपरेशन सिंदूर के पीछे की रणनीति

अमित शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत इच्छाशक्ति, सेना की सटीक मारक क्षमता और खुफिया एजेंसियों की दक्षता का परिणाम है। उन्होंने बताया कि वर्षों तक पाकिस्तान भारत में आतंक फैलाता रहा, और पहले के समय में जवाब सिर्फ बचावात्मक होता था। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।

पहलगाम हमला निर्णायक मोड़ था

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों को उनके धर्म के आधार पर चुन-चुन कर मारा गया, तब प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार से ही यह स्पष्ट कर दिया था कि इसका माकूल जवाब दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर उसी का परिणाम है। गृहमंत्री ने यह भी खुलासा किया कि हमारी सेना ने पाकिस्तान की सीमा में 100 किलोमीटर तक अंदर घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह किया। यह सर्जिकल और निर्णायक कार्रवाई थी जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। उन्होंने यह भी कहा, जब युद्ध की औपचारिक घोषणा नहीं हुई थी, तब भी BSF के जवानों ने दुश्मन की गोलियों का जवाब गोले से दिया और एक इंच भी पीछे नहीं हटे। उन्होंने यह दिखा दिया कि जब तक बीएसएफ है, भारत की सीमा को कोई छू भी नहीं सकता।

Also Read: गोरखपुर चिड़ियाघर में कौओं में मिला बर्ड फ्लू, प्रशासन की बढ़ी चुनौती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.