Shahjahanpur News: छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत, 200 से अधिक लोगों को मिले आयुष्मान कार्ड

Shahjahanpur News: असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले छोटे व्यापारियों और कामगारों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने की दिशा में आइटीसी और सेठी स्टोर्स की पहल सफल रही।

अभियान के जरिए रेहड़ी-पटरी दुकानदारों, ठेला-फेरी लगाने वालों, छोटे दुकानदारों और अन्य असंगठित क्षेत्र के कामगारों को आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दी गई।

पात्र लोगों को कार्ड बनवाने में भी सहयोग किया गया। इस पहल के तहत जिले में 200 से अधिक लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिला।

शाहजहांपुर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। उन्होंने आइटीसी और सेठी स्टोर्स के प्रयास की सराहना की।

वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पात्र और जरूरतमंद लोगों तक सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

बाजारों में चलाया गया जागरूकता अभियान

आइटीसी और सेठी स्टोर्स की टीम ने शहर के अलग-अलग बाजारों में जाकर असंगठित क्षेत्र के कामगारों और छोटे व्यापारियों से संपर्क किया।

उन्हें आयुष्मान भारत योजना के लाभों की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने में मदद की गई।

कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने अभियान में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया और अन्य संस्थानों से भी जनहित की ऐसी पहलों से जुड़ने की अपील की।

सामाजिक योजनाओं में सहयोग जारी रखने का भरोसा

आइटीसी उत्तर प्रदेश इकाई के प्रमुख अनूप मिश्रा ने कहा कि कंपनी सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता बढ़ाने में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं सेठी स्टोर्स के स्वामी संजय सेठी ने कहा कि 200 से अधिक लोगों को योजना से जोड़ना पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का नतीजा है।

भविष्य में भी ऐसी सामाजिक पहलों में सहयोग जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता समेत आइटीसी, सेठी स्टोर्स के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Also Read: गोरखपुर में 10वीं की छात्रा ने स्कूल प्रबंधक के बेटे पर लगाया रेप का आरोप, पढ़ाई का लालच देकर किया शारीरिक शोषण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.