चाय में देरी हुई तो जलते गैस चूल्हे पर रख दिया पत्नी का मुंह, शामली में पति की हैवानियत
Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले के चौसाना क्षेत्र के एक गांव में पत्नी के साथ कथित हैवानियत का मामला सामने आया है। आरोप है कि चाय बनाने में कुछ देर होने पर पति ने पत्नी के साथ मारपीट की और उसका मुंह जलते हुए गैस चूल्हे पर रख दिया। इसके बाद चाय के लिए रखा खौलता पानी भी उसके ऊपर डाल दिया।
घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे पहले ऊन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है।
20 साल पहले हुई थी इमराना की शादी
पीड़िता इमराना के पिता लियाकत के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी करीब 20 साल पहले भडी निवासी अफलातून से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं।
लियाकत ने बताया कि पांच अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे इमराना घर में चाय बना रही थी। चाय बनने में कुछ देर हुई तो अफलातून गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने इमराना के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसे थप्पड़ मारा।
पिता का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अफलातून ने इमराना की गर्दन पकड़ी और उसका मुंह जलते हुए गैस चूल्हे पर रख दिया। इसके बाद चूल्हे पर चाय के लिए रखा खौलता पानी भी इमराना के ऊपर डाल दिया।
पांच लाख रुपये लाने का दबाव और तीन तलाक की धमकी का आरोप
इमराना के पिता लियाकत का आरोप है कि अफलातून पिछले पांच साल से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। वह मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाता था और तीन तलाक देने की धमकी भी देता था।
घटना के बाद लियाकत ने पुलिस को तहरीर दी थी। उनका आरोप है कि दो दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुकदमे के बाद आरोपी ने की पंचायत की कोशिश
लियाकत का आरोप है कि घटना के बाद अफलातून उन्हें धमकियां भी दे रहा था। उन्होंने बताया कि परिवार की ओर से सामान्य तरीके से बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी ने धमकाया।
लियाकत के मुताबिक, इंतजार के बाद उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया। उनका कहना है कि कार्रवाई के डर से अब अफलातून पीछे हट गया है और दो दिन के भीतर तीन बार पंचायत हो चुकी है।
Also Read: ‘बहुत जल्दी चले गए मेरे हीरो’, नाना पाटेकर को याद कर भावुक हुए शाहरुख खान

