खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताने वाली महिला बाउंसर गिरफ्तार, शामली पुलिस ने जयपुर से दबोचा
Shamli News: उत्तर प्रदेश की शामली पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की खुद को पत्नी और फैन बताने वाली एक महिला बाउंसर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी महिला का नाम बिंदु है, जिस पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया मैसेंजर के जरिए जाट महासभा से जुड़े शामली निवासी मुकुल चौधरी को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने महिला को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला शामली के चर्चित हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या और उनकी तेरहवीं के बाद उपजे विवाद से जुड़ा हुआ है।
यूट्यूब इंटरव्यू क्लिप से शुरू हुआ पूरा विवाद
अंकित बालियान की तेरहवीं के बाद मुकुल चौधरी का एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई को लेकर कुछ तीखी टिप्पणियां की थीं। मुकुल की बातें जयपुर में बाउंसर का काम करने वाली बिंदु को नागवार गुजरीं। खुद को लॉरेंस की ‘पत्नी’ मानने वाली बिंदु ने गुस्से में आकर मुकुल चौधरी को मैसेंजर के जरिए सीधे जान से मारने की धमकी दे डाली।
धमकी मिलने के बाद मुकुल चौधरी ने तुरंत शामली पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की लिखित जानकारी दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और धमकी देने वाले सोशल मीडिया अकाउंट को ट्रेस किया। जांच में पता चला कि यह अकाउंट जयपुर में बाउंसर की नौकरी करने वाली महिला बिंदु चला रही थी। इसके बाद शामली पुलिस की टीम ने जयपुर में दबिश देकर बिंदु को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में महिला से जुड़ी कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। बिंदु मूल रूप से बिहार की रहने वाली है। उसकी शादी लगभग आठ साल पहले हुई थी और उसके चार बच्चे भी हैं। हालांकि, वह काफी समय से अपने पति से अलग रह रही थी। बिंदु आज तक गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कभी नहीं मिली है, लेकिन वह उसकी बहुत बड़ी फैन है और मन ही मन उसे अपना पति मानती है। उसने अपने हाथ पर लॉरेंस का नाम भी टैटू करवा रखा है।
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने बताया कि देश में जो भी लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ बोलेगा या उसे अपशब्द कहेगा, वह उसके खिलाफ खड़ी होगी। वह ऐसे लोगों को सोशल मीडिया के जरिए लगातार धमकियां देती थी। शामली के पुलिस अधीक्षक (SP) राम नयन सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुकुल चौधरी को जान से मारने की धमकी देने वाली महिला बिंदु को अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल महिला के अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स और कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन से अन्य लोग जुड़े हुए हैं। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Also Read: एशिया कप फाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगा भारत, 2024 की हार का बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया

