राहुल गांधी कभी नहीं बनेंगे PM, बीजेपी छोड़ते ही बोले शहजाद पूनावाला
Shehzad Poonawalla: भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे चुके शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी कभी भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। खास बात यह है कि कांग्रेस 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर पेश कर रही है।
पूनावाला ने एक पोस्ट पर सहमति जताते हुए लिखा, “तरीका बदला है, मकसद नहीं।” इसके बाद उन्होंने कहा, “जब तक मैं जिंदा हूं, राहुल गांधी कभी भी भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे।”
कांग्रेस में वापसी पर रखी थी शर्त
हाल ही में एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में पूनावाला से कांग्रेस में जाने को लेकर सवाल पूछा गया था। उन्होंने कहा था कि वह कांग्रेस में कभी शामिल नहीं होंगे। हालांकि, मजाकिया अंदाज में उन्होंने शर्त रखते हुए कहा था कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा को हटाया जाए और नेहरू के कामों पर माफी मांगी जाए, तो वह कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे।
पूनावाला साल 2021 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। वह लंबे समय तक बीजेपी के प्रवक्ता भी रहे।
आर्थिक कारणों से दिया बीजेपी से इस्तीफा
पूनावाला ने बीजेपी छोड़ने की वजह आर्थिक और निजी परिस्थितियों को बताया है। उन्होंने कहा था कि राजनीतिक दल कार्यकर्ताओं को वेतन नहीं देते। उनके मुताबिक, उन्हें किराया देना होता है और मकान मालिक यह नहीं देखता कि वह बीजेपी से जुड़े हैं।
अपने इस्तीफे के पत्र में उन्होंने कहा कि जरूरी आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण वह निजी क्षेत्र में जाएंगे। हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के विचारों व कामों का समर्थन जारी रखने की बात कही। उन्होंने नितिन नवीन को इस्तीफा भेजकर उसे स्वीकार करने का अनुरोध किया था।

