सिद्धार्थनगर पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, मां-बेटी को खून देकर बचाई जान
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर पुलिस ने एक बार फिर अपनी मानवीयता का सबूत दिया है। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में हुई एक घटना में घायल हुई मां और बेटी को खून की ज़रूरत पड़ने पर अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) प्रशांत कुमार और क्षेत्राधिकारी (CO) सदर विश्वजीत सौरयान ने खुद रक्तदान कर उनकी जान बचाई। दोनों अधिकारियों के इस सराहनीय कदम की अब हर तरफ तारीफ़ हो रही है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 23-24 अगस्त की रात को मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नागचौरी गांव में हुई थी। प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक मुकेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी प्रेमिका, उसकी मां और पिता पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में प्रेमिका के पिता रामकला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी और पत्नी प्रभादेवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को पहले माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर के बी.आर.डी. मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने किया रक्तदान
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि 25 अगस्त को वे और क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान घायलों का हाल जानने के लिए गोरखपुर पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों को तुरंत खून की ज़रूरत है। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने बिना देरी किए रक्तदान किया, जिससे घायलों का इलाज तुरंत शुरू हो सका। अधिकारियों ने यह भी बताया कि आरोपी मुकेश और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस के इस मानवीय कार्य की खबर पूरे जिले में फैल गई है और लोग उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: ‘सॉरी मम्मी, मैं वैसी बेटी नहीं…’ लखनऊ में चलती ट्रेन के आगे कूदी युवती, सुसाइड नोट बरामद

