Siddharthnagar: राप्ती नदी में मिले मां और दो मासूम बच्चों के शव, दहेज हत्या का लगा आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर ज़िले में राप्ती नदी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। समय माता थाना क्षेत्र के औरहवा गांव के बुढ़ईया टोला के पास नदी में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव उतराते हुए पाए गए।
मृतकों की पहचान माया (30 वर्ष), बेटी मोनिका (6 वर्ष) और बेटा शिवांस (2 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने जब तीनों शवों को नदी में देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को बाहर निकलवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
2017 में हुई थी माया की शादी
मिली जानकारी के अनुसार माया की शादी वर्ष 2017 में सचिन चौहान से हुई थी, जो समय माता थाना क्षेत्र के बुढ़ईया गांव का निवासी है। सचिन इस समय गुड़गांव में प्राइवेट नौकरी करता है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि माया को शादी के बाद से ही दहेज को लेकर ससुराल में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को माया और उसकी सास के बीच कंबल को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद से माया अपने दोनों बच्चों के साथ गायब थी।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मायके पक्ष का कहना है कि यह कोई आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उनका आरोप है कि माया और उसके बच्चों की हत्या कर शवों को नदी में फेंक दिया गया है, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
समय माता थाना अध्यक्ष शेषनाथ यादव ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट :- जाकिर खान
Also Read: ‘अखिलेश का पीडीए नकली है’, ओपी राजभर बोले- सपा प्रमुख घोषणा करें कि सरकार बनी तो…

