Siddharthnagar News: मेडिकल कॉलेज में गूंजी किलकारियां, DM ने केक काटकर मनाया कन्या जन्मोत्सव
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत बालिकाओं के प्रति सामाजिक सोच बदलने के लिए एक सराहनीय पहल की गई। जनपद के मेडिकल कॉलेज स्थित MCH विंग में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में ‘कन्या जन्मोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं केक काटकर इस उत्सव का शुभारंभ किया और नवजात बेटियों के आगमन को यादगार बनाया।

माताओं को सम्मान और उपहार
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने हाल ही में जन्म लेने वाली बालिकाओं की माताओं से मुलाकात की और उन्हें बेटी के जन्म की बधाई दी। जिलाधिकारी द्वारा माताओं को पुष्पगुच्छ, बेबी किट और अन्य जरूरी उपहार भेंट किए गए। डीएम ने कहा कि बेटियों का जन्म गर्व का विषय है। समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए हर बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए।
शिक्षा और सुरक्षा पर जोर
संबोधन के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना का उद्देश्य केवल लिंगानुपात में सुधार करना ही नहीं है, बल्कि बालिकाओं को बेहतर शिक्षा, पूर्ण सुरक्षा और समाज में सम्मान दिलाना भी है। उन्होंने सरकार द्वारा बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
स्वास्थ्य एवं पोषण की दी गई जानकारी
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने माताओं को नवजात शिशुओं की देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण सलाह दी। इसमें विशेष रूप से उचित पोषण और स्वच्छता इन विषयों पर माताओं को जागरूक किया गया ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और सबल बन सके।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य माधव प्रसाद त्रिपाठी, डॉ. राजेश मोहन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रजत कुमार चौरसिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. ए.के.झा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: सुप्रीम कोर्ट का अल्टीमेटम, सेंट्रल मार्केट से खुद हटा लें अवैध निर्माण, वरना चलेगा बुलडोजर

