TMC ने भाजपा और हुमायूं कबीर पर वोट बैंक बांटने की साजिश का लगाया आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भारतीय जनता पार्टी पर एक बहुत बड़ा और सनसनीखेज आरोप लगाया है। टीएमसी का दावा है कि भाजपा ने अपने पूर्व विधायक हुमायूं कबीर और उनकी नई पार्टी आम आदमी उन्नयन पार्टी (AAUP) के साथ अल्पसंख्यक वोटों को बांटने के लिए 1000 करोड़ रुपये का सौदा किया है।

एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीएमसी के वरिष्ठ नेता और मंत्री फिरहाद हकीम, अरूप बिस्वास और प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने एक ऑडियो क्लिप जारी की। इस क्लिप के आधार पर दावा किया गया है कि हुमायूं कबीर उन सीटों पर अल्पसंख्यक वोटों को काटने की योजना बना रहे हैं, जहाँ उनकी पार्टी असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। मजे की बात यह है कि यह ऑडियो क्लिप तब जारी की गई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हल्दिया में रैली कर रहे थे। संदेश वाहक इस वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

क्या है ऑडियो क्लिप में

कथित ऑडियो क्लिप में हुमायूं कबीर को किसी अनजान व्यक्ति से यह कहते सुना जा रहा है कि अगर भाजपा हिंदू वोटों को एकजुट कर लेती है, तो वह (कबीर) मुस्लिम वोटों को बांटकर टीएमसी को सत्ता से बाहर करने में मदद करेंगे। यदि भाजपा बंगाल में सत्ता में आती है, तो वह नए मुख्यमंत्री को 100% समर्थन देंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि वह विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ लगातार संपर्क में हैं।

अल्पसंख्यकों को मूर्ख न समझे भाजपा: फिरहाद हकीम

इस खुलासे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि हुमायूं कबीर अपनी अंतरात्मा भाजपा को बेच सकते हैं, लेकिन बंगाल के अल्पसंख्यक मतदाता उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, पैसों के लिए कोई भी बिक सकता है, पर आम जनता सब समझती है।

Also Read: Siddharthnagar News: मेडिकल कॉलेज में गूंजी किलकारियां, DM ने केक काटकर मनाया कन्या जन्मोत्सव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.