Siddharthnagar News: युवक ने प्रेमिका के परिवार पर किया चाकू से हमला, पिता की मौत, मां-बेटी गंभीर

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग से नाराज एक युवक ने अपनी प्रेमिका, उसकी मां और पिता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में प्रेमिका के पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माँ और बेटी गंभीर रूप से घायल हैं। यह घटना 23-24 अगस्त 2025 की रात को नागचौरी गांव में हुई।

शादी तय होने से नाराज़ था प्रेमी

पुलिस के अनुसार, गांव के रहने वाले मुकेश कुमार की प्रेमिका की शादी कहीं और तय हो गई थी। इससे नाराज़ होकर मुकेश ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर प्रेमिका के घर पर हमला कर दिया। उसने प्रेमिका, उसकी मां प्रभा देवी और पिता रामकला (45 वर्ष) पर चाकू से हमला किया। इस हमले में रामकला की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बेटी और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

दोनों ASP ने किया रक्तदान, पेश की मानवता की मिसाल

घटना की जानकारी मिलने पर, सिद्धार्थनगर के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) प्रशांत कुमार और क्षेत्राधिकारी (CO) सदर विश्वजीत सौरयान घायलों का हाल जानने के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुँचे। वहां डॉक्टरों ने बताया कि माँ और बेटी को तुरंत खून की ज़रूरत है। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने बिना देरी किए रक्तदान किया, जिससे घायलों का इलाज शुरू हो सका। पुलिस अधिकारियों के इस सराहनीय कार्य की अब हर तरफ तारीफ़ हो रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी मुकेश और उसके साथियों की तलाश जारी है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: Barabanki News: अवैध कैंटीनों का बोलबाला, शराब ठेका संचालक ने आबकारी विभाग से लगाई गुहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.