Siddharthnagar News: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन, SSP ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
Siddharthnagar News: पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की सुरक्षा और जनसेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों को नमन किया।
इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी ने शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संदेश से पुलिसकर्मियों को अवगत कराया।

साथ ही बीते एक वर्ष में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बलिदान की जानकारी दी।
21 अक्टूबर को क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?
पुलिस स्मृति दिवस का संबंध 21 अक्टूबर 1959 की घटना से है। उस दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान शहीद हो गए थे।
उन्हीं जवानों की शहादत को याद करने और कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
यह दिवस पुलिसकर्मियों के साहस, त्याग और कर्तव्य के प्रति समर्पण को याद करने का अवसर है। देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की रक्षा में शहीद जवानों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: Siddharthnagar News: आलू किसानों को मिलेगा उन्नत बीज, 80 दिन में तैयार होगी फसल

