Sitapur News: वर्षा जल संचयन और भूजल रिचार्ज पर किसानों को किया गया जागरूक, जल बचाने की दिलाई शपथ

Sandesh Wahak Digital Desk: जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण को लेकर ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड मिश्रिख (सीतापुर) के ग्राम इमलिया स्थित राजकीय नलकूप संख्या 196 पर एक प्रभावशाली ग्रामीण चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने सहभागिता की और जल बचाने का संकल्प लिया।

चौपाल के दौरान किसानों को वर्षा जल संचयन, भूजल रिचार्ज और सीमित सिंचाई जैसी तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि नलकूपों के संचालन में विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन आवश्यक है, ताकि जल का अनावश्यक दोहन रोका जा सके और संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित हो।

इस दौरान किसानों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान को लेकर खुला संवाद किया गया।

इसी क्रम में राजकीय नलकूप संख्या 359 (मिश्रिख, ग्राम जलेपरा) और 356 (मिश्रिख, जलेपरा) तक क्षेत्रीय कर्मचारियों एवं किसानों के साथ पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के बाद वहां भी ग्राम चौपाल आयोजित कर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाई गई।

किसानों को बताया गया कि बढ़ते जल संकट के मद्देनज़र प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह जल बचाने के लिए ठोस कदम उठाए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई और उनसे अपने परिवार, मित्रों व रिश्तेदारों को भी जल बचाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

शासन के निर्देशानुसार तीनों नलकूप स्थलों पर वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण को और मजबूती मिले।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता नलकूप प्रथम हिमांशु विक्रम सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए जल संचयन और वर्षा जल के समुचित उपयोग पर प्रकाश डाला तथा नलकूपों के सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सहायक अभियंता महेंद्र सिंह, हरेन्द्र कुशवाहा, उपराजस्व अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, अवर अभियंता अजय सैनिक, प्रशान्त कुमार मौर्य, अशोक कुमार, अनिल सिंह परमार, प्रवीण चौरसिया, अभय पटेल, देवेश यादव, ज्ञानेंद्र सिंह, दीप कुमार सहित स्थानीय किसान शिव कुमार सिंह, होरी लाल, शीतला बक्स सिंह, ब्रजपाल मौर्य, मिश्री लाल, रवि सिंह, राम बहादुर, श्यामा कुमार समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह आयोजन किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ जल संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश देने में सफल रहा।

Also Read: Jaunpur News: सीएम योगी के जन्मदिन और विश्व पर्यावरण दिवस पर भव्य आयोजन, दिव्यांगों व छात्राओं को मिली सौगात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.