Sitapur News: सीनियर डॉक्टर ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पॉश इलाके सिविल लाइन में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 69 वर्षीय सीनियर डॉक्टर राजेंद्र चौधरी (BAMS) ने अपने कमरे में लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के समय पत्नी घर के निचले हिस्से में काम कर रही थीं। गोली की आवाज सुनकर जब वह ऊपर पहुंचीं, तो पति का लहूलुहान शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

दोपहर 1 बजे का वो ‘खूनी’ मंजर

जानकारी के अनुसार, डॉ. राजेंद्र चौधरी खैराबाद में अपनी क्लीनिक चलाते थे। शुक्रवार दोपहर लंच करने के बाद वह पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चले गए थे। अचानक कमरे से गोली चलने की जोरदार आवाज आई।

पत्नी शक्ति चौधरी (65) जब बदहवास होकर कमरे में पहुंचीं, तो डॉक्टर साहब बिस्तर पर औंधे मुंह पड़े थे। रिवॉल्वर पास ही गिरी थी और गोली कनपटी को चीरती हुई दूसरी तरफ निकल गई थी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी विनायक भोसले फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घरेलू कलह की आशंका: नौकरानी का बड़ा खुलासा

शुरुआती पूछताछ में घर की नौकरानी सुनीता ने पुलिस को एक अहम सुराग दिया है। सुनीता के मुताबिक, दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। पुलिस आशंका जता रही है कि इसी मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद के चलते डॉक्टर ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

प्रतिष्ठित परिवार, सदमे में पत्नी

डॉ. राजेंद्र चौधरी का परिवार काफी प्रतिष्ठित है। उनके दो बेटे है। बड़ा बेटा दिवांश जो भारतीय वायुसेना (IAF) में डॉक्टर है और वर्तमान में खड़गपुर में तैनात है और छोटा बेटा उत्तम जो लखनऊ में रहकर एलएलबी (LLB) की पढ़ाई कर रहा है। दोनों बेटों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पति की मौत से पत्नी गहरे सदमे में हैं, जिसकी वजह से उनकी सुरक्षा और देखभाल के लिए एक महिला सिपाही तैनात की गई है। सीओ सिटी विनायक भोसले ने बताया कि बेटों के आने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Also Read: Lucknow News: STF के हत्थे चढ़ा 30 हजारी इनामी डकैत, सूरत पुलिस को थी तलाश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.