Lucknow News: STF के हत्थे चढ़ा 30 हजारी इनामी डकैत, सूरत पुलिस को थी तलाश
Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले 16 वर्षों से फरार चल रहे शातिर अपराधी शैलेंद्र कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गुजरात के सूरत में डकैती जैसी संगीन वारदातों में शामिल इस अपराधी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसटीएफ मुख्यालय की टीम को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी शैलेंद्र कुमार सिंह ग्राम खजुरन, थाना बदलापुर, जौनपुर निवासी को लखनऊ के वृंदावन योजना, सेक्टर-09 (थाना पीजीआई क्षेत्र) में छिपा हुआ है। इस सूचना पर उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी की टीम ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे उसे दबोच लिया।
डकैती के बाद मुंबई और जौनपुर में काटा फरारी का वक्त
पूछताछ के दौरान आरोपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने अपने गुनाहों का कबूलनामा किया। उसने बताया कि वह साल 2009 में नौकरी की तलाश में गुजरात गया था। वहां उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर साल 2010 में सूरत के अदाजान और खटोडहरा इलाकों में डकैती की बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया। जब पुलिस ने उसके साथियों को पकड़ लिया, तो वह पकड़े जाने के डर से भागकर मुंबई चला गया।
कुछ समय मुंबई में बिताने के बाद वह अपने पैतृक जिले जौनपुर लौट आया और फिर पहचान छिपाकर लखनऊ में रहने लगा। शैलेंद्र कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह के खिलाफ सूरत के खटोडहरा और अदाजान थानों में डकैती (धारा 395/397) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
ट्रांजिट रिमांड पर ले जाएगी गुजरात पुलिस
सूरत क्राइम ब्रांच की टीम काफी समय से इसकी तलाश में जुटी थी। गिरफ्तारी के बाद अब कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। यूपी एसटीएफ के मुताबिक, अभियुक्त को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गुजरात पुलिस सूरत ले जाएगी, जहां उसे स्थानीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
Also Read: Kannauj News: 45 मिनट तक डीएम का इंतज़ार, फिर कार्यक्रम छोड़ लौटे मंत्री असीम अरुण, लिखा लेटर

