संजय सिंह का बड़ा आरोप, BJP की 6 डमी पार्टियों ने 5500 करोड़ का काला धन किया सफेद

Lucknow News: आम आदमी पार्टी (AAP) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लखनऊ में प्रेस वार्ता कर भारतीय जनता पार्टी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्ष 2023-24 में गुजरात में पंजीकृत छह गुमनाम पार्टियों (आम जनमत पार्टी, सत्यवादी रक्षक पार्टी आदि) को 5,500 करोड़ रुपये का चंदा मिला। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मात्र 15 प्रत्याशी उतारने वाली इन डमी पार्टियों के माध्यम से असल में भाजपा के लिए काले धन और विदेशी फंड की हेराफेरी की गई है। उन्होंने चुनाव आयोग की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा।

राम मंदिर ट्रस्ट और शिक्षक भर्ती पर तीखे सवाल

सहारनपुर में 1911 की पुरानी मस्जिद गिराए जाने को संजय सिंह ने भाजपा की चुनावी बौखलाहट करार दिया और इसे ‘प्लेसेस ऑफ वर्शिप एक्ट’ का उल्लंघन बताया। वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट में दलित सदस्य को हटाने और नई नियुक्तियों को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा व आरएसएस ट्रस्ट पर कब्जा जमाकर लूट जारी रखना चाहते हैं। इसके अलावा, यूपी में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में ओबीसी (OBC) आरक्षण में अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने ईको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों को पूर्ण समर्थन देने और इस मामले को संसद में उठाने का आश्वासन दिया।

BJP की 6 डमी पार्टियों ने 5500 करोड़ का काला धन किया सफेद

9 सितंबर को लखनऊ में होगी महत्वपूर्ण रणनीति बैठक

प्रेस वार्ता के अंत में सांसद संजय सिंह ने बताया कि आगामी 9 सितंबर को लखनऊ में आम आदमी पार्टी की उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता, सह-प्रभारी और जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। इसमें 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों और राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति को देखते हुए आगामी सांगठनिक व आंदोलनकारी रणनीति तैयार की जाएगी।

Also Read: Lucknow News: जातीय जनगणना का प्रारूप दोषपूर्ण, ओबीसी की सही गिनती नहीं होगी- डाॅ अनिल जयहिंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.