Lucknow News: ANTF का बड़ा ऐक्शन, नशीली दवाओं की खेप के साथ अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 6 तस्कर गिरफ्तार

Lucknow News: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की लखनऊ ऑपरेशनल यूनिट ने अवैध नशीली दवाओं के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। एएनटीएफ की टीम ने लखनऊ के ट्रांसपोर्टनगर स्थित कन्हैया फार्मा पर छापेमारी कर 6 सक्रिय दवा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कोडीन युक्त कफ सिरप, भारी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल और अल्प्राजोलम गोलियां बरामद की हैं, जिनकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 71 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।

71.44 लाख रुपये का प्रतिबंधित ड्रग्स का जखीरा बरामद

एएनटीएफ लखनऊ यूनिट ने ड्रग इंस्पेक्टरों की संयुक्त टीम के साथ मिलकर इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान मौके से 720 बोतल कोडीन युक्त ONEREX कफ सिरप, 1 लाख 20 हजार SPASMONAM PLUS (Tramadol) कैप्सूल और 9 लाख 60 हजार ALZOMAC-0.5 (Alprazolam) की प्रतिबंधित गोलियां जब्त की गईं। इसके अलावा तस्करों के पास से 7 मोबाइल फोन और 11,140 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

लखनऊ, कानपुर और आजमगढ़ के 6 तस्कर दबोचे गए

पुलिस महानिदेशक और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान किशन वासवानी (अमीनाबाद, लखनऊ), समीर अहमद (कानपुर देहात), शाद इरशाद (मदैगंज, लखनऊ), उमेश कुमार (आसियाना, लखनऊ), सतेन्द्र सिंह (आजमगढ़) और विशाल चौरसिया (राजाजीपुरम, लखनऊ) के रूप में हुई है। तस्करों के खिलाफ लखनऊ कमिश्नरेट के सरोजनी नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/21/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस की कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने कबूला कि वे सब मिलकर अवैध नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री का काला कारोबार करते थे। वे इन प्रतिबंधित दवाओं की खेप को ऊंची कीमतों पर अलग-अलग पार्टियों को सप्लाई करते थे और उससे मिलने वाले मोटे मुनाफे को आपस में बांटकर अपने महंगे शौक पूरे करते थे। एएनटीएफ अब इस गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की पड़ताल कर रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े दवा माफियाओं और सप्लायरों तक पहुंचा जा सके।

Also Read: 2027 की तैयारी में जुटी BJP, यूपी प्रभारी विनोद तावड़े का 5 सितंबर से दो दिन का लखनऊ दौरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.