टेकऑफ के दौरान विमान के इंजन से उठा धुआं, बाल-बाल बचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक

UP News : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक बड़ा विमान हादसा टल गया। यहां डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के सरकारी विमान में टेकऑफ के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई। विमान के इंजन से धुआं निकलता देख एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।

जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक यूपी सरकार के विमान में सवार होकर रवाना होने वाले थे। जैसे ही विमान टेकऑफ के लिए रनवे पर आगे बढ़ा, अचानक उसका इंजन बंद हो गया और विमान के बाहरी हिस्से से धुआं निकलने लगा। पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय की वजह से बड़ा हादसा टल गया।

सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत निकाला बाहर, तकनीकी टीम जांच में जुटी

विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन, सुरक्षा कर्मी और अन्य अधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए। इमरजेंसी जैसी स्थिति को देखते हुए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को सुरक्षा घेरे में सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया।

डिप्टी सीएम के सुरक्षित बाहर आने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। वहीं, नागरिक उड्डयन विभाग की तकनीकी टीम और इंजीनियर अब विमान के इंजन में आई खराबी और धुआं निकलने के कारणों की जांच में जुट गए हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.