Mathura News: अवैध गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, दुकान में छिपा रखे थे तीन बोरे

Mathura News: उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (UP STF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की आगरा फील्ड इकाई ने मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर गांजे की सप्लाई करने वाले एक सक्रिय ड्रग तस्कर को रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय उर्फ बंसी (निवासी मोहल्ला चटसाल, फरह) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी की दुकान से तीन प्लास्टिक के बोरों में बंद कुल 129 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 32 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसके साथ ही तस्कर के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी संजय ने कबूला कि वह अपने साथी बंटी उर्फ बबलू के साथ मिलकर काफी समय से इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी का सिंडिकेट चला रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से जाल बिछाकर आरोपी को उसकी दुकान से ही दबोच लिया। आरोपी ने बताया कि उसने इस खेप को अपनी दुकान के ग्राउंड फ्लोर पर इसलिए छिपाकर रखा था ताकि मौका मिलते ही वे दोनों इसे बाजार में खपा सकें और उससे मिलने वाले मुनाफे को आधा-आधा बांट सकें।

इस मामले में क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी की मौजूदगी में तलाशी और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपी के खिलाफ फरह थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।

Also Read: Siddharthnagar News: चाकू के साथ जिला बदर अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.