ED का TMC पर बड़ा एक्शन, 440 करोड़ वाले 3 बैंक खातों के लेन-देन पर रोक
ED TMC Action: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) से जुड़े एक मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों के अनुसार, धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 17(1-ए) के तहत पार्टी के तीन निजी बैंक खातों में जमा 440.42 करोड़ रुपये के लेन-देन पर रोक लगा दी गई है। इस मामले में फिलहाल टीएमसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कोलकाता में छापेमारी, कई कंपनियां जांच के दायरे में
ईडी ने मंगलवार को कोलकाता में पांच स्थानों पर छापेमारी की। इनमें केयरवेल ग्रुप ऑफ कंपनीज के ठिकाने भी शामिल थे, जो केयरवेल एविएशन के नाम से निजी विमान किराये पर उपलब्ध कराती है।
अधिकारियों के मुताबिक, अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच टीएमसी के खातों से करीब 160 करोड़ रुपये केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी एक अन्य कंपनी को भेजे गए। जांच में यह भी सामने आया कि इन कंपनियों से 82.96 करोड़ रुपये एक नई कंपनी के खातों में ट्रांसफर किए गए।
जेट और हेलीकॉप्टर खरीद की भी जांच
जांच एजेंसी का दावा है कि ट्रांसफर की गई राशि में से 112 करोड़ रुपये से एम्ब्रेयर लेगेसी 600 बिजनेस जेट और अगस्तावेस्टलैंड 109SP हेलीकॉप्टर खरीदे गए। आरोप है कि इनका इस्तेमाल बाद में टीएमसी को किराये पर उपलब्ध कराने के लिए किया गया। ईडी फिलहाल कम से कम 18 टीएमसी बैंक खातों के साथ केयरवेल ट्रैवल्स, विंडबोर्न एविएशन और अनीता टूर्स से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
यह कार्रवाई जून में दर्ज एक शिकायत के बाद शुरू हुई, जिसमें बड़े साइबर फ्रॉड की रकम टीएमसी के कुछ खातों में ट्रांसफर होने का आरोप लगाया गया था।

