Bareilly News: कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर, 974 ग्राम गांजा बरामद
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने करीब 974 ग्राम अवैध गांजा और तलाशी के दौरान 100 रुपये नगद बरामद किए हैं।
यह पूरी कार्रवाई गत रात की दरमियानी अंजाम दी गई। कोतवाली पुलिस की टीम रेलवे जंक्शन चौराहे के पास संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस को एक खास मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि स्टेशन के नजदीक नॉर्थ रेलवे कॉलोनी की पानी टंकी की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक शख्स भारी मात्रा में गांजा लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई और कोतवाली पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जिसके बाद आरोपी समी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 26 वर्षीय समी पुत्र सगीर के रूप में हुई है, जो बरेली के ही किला थाना क्षेत्र के मोहल्ला किला छावनी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 313/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के अंतर्गत कानूनी मामला दर्ज कर लिया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिसिया पूछताछ में आरोपी समी ने अपने जुर्म को कबूल करते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अक्सर हाइवे और रास्तों पर आने-जाने वाले वाहन चालकों से गांजा खरीदा करता था। इस माल में से कुछ हिस्सा वह खुद के नशे के लिए रख लेता था और बाकी बचे हुए गांजे को छोटे-छोटे दामों पर बेचकर अवैध रूप से मुनाफा कमाता था। उसने यह भी माना कि इस धंधे से होने वाली कमाई का इस्तेमाल वह अपने निजी शौक और खर्चे पूरे करने के लिए करता था।
नशा तस्करी के इस नेटवर्क को ध्वस्त करने में बरेली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। इस सफल ऑपरेशन में उपनिरीक्षक अनूप सिंह, वैभव और राजेंद्र सिंह के साथ ही हेड कांस्टेबल सोमदत्त शर्मा और कांस्टेबल विजिल मलिक पूरी मुस्तैदी के साथ शामिल रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: पेमेंट मांगने पर धमकी का आरोप, ‘लापता लेडीज’ अभिनेता सत्येंद्र सोनी के समर्थन में AICWA, FIR की मांग

