मानवीय पहल की मिसाल: पिता के तेरहवीं संस्कार पर ही बेटे को मिला नगर पालिका में नियुक्ति पत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर ने अपने एक दिवंगत कर्मचारी के परिवार को त्वरित राहत प्रदान करते हुए मानवीय संवेदना की अनोखी मिसाल पेश की है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के निर्देश पर, दिवंगत कर्मचारी स्वर्गीय राजकुमार चौहान के पुत्र सचिन चौहान को उनके निधन के मात्र 14वें दिन ही सेवा में नियुक्त कर दिया गया।

तेरहवीं के दिन सौंपा नियुक्ति पत्र

ज्ञात हो कि नगर पालिका परिषद बलरामपुर में कार्यरत राजकुमार चौहान का 14 दिन पूर्व बीमारी के कारण निधन हो गया था। परिवार को इस दुःखद क्षण में आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए, नगर पालिका परिषद ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य की देखरेख में विभागीय प्रक्रिया को त्वरित रूप से पूरा किया गया। अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र सिंह ने स्वयं तेरहवीं संस्कार के अवसर पर सचिन चौहान को ‘मृतक आश्रित कोटे’ के तहत नियुक्ति पत्र सौंपा।

नव-नियुक्त कर्मचारी सचिन चौहान ने इस पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “पिता की मृत्यु के बाद सभी तरह की औपचारिकताओं को बेहद तेजी से पूरा किया गया, जिससे समय रहते मुझे नौकरी मिल गई है।”

नगर पालिका के इतिहास में पहली बार

डॉ. धीरेन्द्र सिंह ने इस पहल को “ऐतिहासिक और मानवीय पहल” बताया। उन्होंने कहा कि बलरामपुर नगर पालिका परिषद के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी मृतक कर्मचारी के आश्रित को इतनी शीघ्रता से नियुक्ति प्रदान की गई है। उन्होंने जोर दिया कि यह कदम संस्था की संवेदनशीलता और जवाबदेही का प्रतीक है।

अध्यक्ष ने सचिन चौहान को ईमानदारी, निष्ठा और पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करने तथा नगर के विकास एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा दी। नगरवासियों और परिषद कर्मियों ने इस निर्णय की व्यापक सराहना की है।

Also Read: श्रावस्ती: स्कूल गईं तीन छात्राएं रहस्यमय ढंग से लापता, तलाश में जुटीं पुलिस की तीन टीमें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.