सोनम वांगचुक के अनशन पर दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार को भेजा नोटिस

Delhi High Court: सामाजिक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के लगातार 18 दिनों से जारी अनशन को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया है। वांगचुक का अनशन खत्म कराने की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने मामले को अत्यावश्यक माना और दोनों सरकारों से जल्द जवाब देने का निर्देश दिया।

गुरुवार सुबह तक मांगा जवाब

मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि यह मामला तत्काल ध्यान देने योग्य है। अदालत ने केंद्र और दिल्ली सरकार को निर्देश दिया कि वे गुरुवार सुबह तक अपना जवाब दाखिल करें। हाई कोर्ट के इस आदेश के बाद अब दोनों सरकारों को अनशन और उससे जुड़े मुद्दों पर अपना पक्ष स्पष्ट करना होगा।

याचिका में अनशन खत्म कराने की मांग

जनहित याचिका में सोनम वांगचुक के लंबे समय से जारी अनशन को समाप्त कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सामान्य प्रक्रिया के बजाय त्वरित सुनवाई की और दोनों पक्षों से कम समय में जवाब मांगा। अब सभी की नजर गुरुवार को होने वाली अगली सुनवाई पर रहेगी, जहां सरकारों के जवाब के आधार पर अदालत आगे की कार्रवाई पर फैसला कर सकती है।

Also Read : जंतर-मंतर पर नहीं जुटी उम्मीद के मुताबिक भीड़, CJP प्रवक्ता ने दिल्लीवालों को लगाई फटकार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.