जंतर-मंतर पर नहीं जुटी उम्मीद के मुताबिक भीड़, CJP प्रवक्ता ने दिल्लीवालों को लगाई फटकार
Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को उम्मीद के मुताबिक जनसमर्थन नहीं मिल पाया है। सोशल मीडिया पर कुछ ही दिनों में भाजपा और कांग्रेस से अधिक फॉलोअर्स जुटाने का दावा करने वाली पार्टी अब धरना स्थल पर कम भीड़ को लेकर निराश नजर आ रही है।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली आने से पहले दावा किया था कि उनकी पार्टी से 11 लाख लोग जुड़ चुके हैं, लेकिन प्रदर्शन स्थल पर हजारों की संख्या भी नहीं पहुंच सकी।
प्रवक्ता विजेता दहिया ने जताई नाराजगी
एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में CJP के प्रवक्ता विजेता दहिया ने कहा कि प्रदर्शन में झारखंड, बिहार और असम जैसे राज्यों से लोग पहुंचे हैं, लेकिन दिल्ली में रहने वाले कई लोग 24 दिनों में एक बार भी जंतर-मंतर नहीं आए।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को शर्म आनी चाहिए। दहिया ने यह भी कहा कि यदि देश के मुद्दों पर लोग आगे नहीं आते हैं तो 15 अगस्त को होने वाले देशभक्ति के कार्यक्रम केवल “नौटंकी” बनकर रह जाते हैं। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है।
सोनम वांगचुक के समर्थन में जनता से अपील
इस बीच विजेता दहिया का एक वीडियो संदेश भी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने और आंदोलन को जारी रखने के लिए नए विकल्प सुझाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लगातार अनशन खत्म करने की सलाह दी जा रही है, लेकिन वह अपने निर्णय पर कायम हैं।
दहिया ने कहा कि अगर जंतर-मंतर पर 20 हजार लोग भी पहुंचते तो वह वांगचुक से कह सकते थे कि उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि सोनम वांगचुक 28 जून से CJP के मंच पर अनशन कर रहे हैं।
Also Read : मणिपुर के सेनापति शहर में उग्र भीड़ का असम राइफल्स कैंप पर हमला, सुरक्षा बलों के वाहन फूंके

