झारखंड में सोनभद्र SOG का बड़ा एक्शन: करोड़ों रुपये की नशीली कफ सीरप की खेप बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की सोनभद्र पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को नशे के कारोबार के ख़िलाफ़ अपनी कार्रवाई में एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। सोनभद्र एसओजी टीम ने पड़ोसी राज्य झारखंड की राजधानी रांची में करोड़ों रुपये की प्रतिबंधित नशीली कफ सीरप की खेप बरामद की है।

पुलिस कार्रवाई की पृष्ठभूमि

मिली जानकारी के अनुसार पिछले महीने, सोनभद्र पुलिस को वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर एक बड़ी सफलता मिली थी। पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने लगभग ₹3.5 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली कफ सीरप बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था।

इस कार्रवाई में दो कंटेनर ट्रकों से 399 बोरियों में भरे 4,787 कार्टून से कुल 1,19,675 शीशियां (100 एमएल) ‘ईस्कुफ कफ सीरप’ बरामद की गई थीं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने एसओजी टीम को फरार आरोपी को पकड़ने के साथ ही इस अवैध कारोबार में लिप्त अन्य लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था।

एसपी अभिषेक वर्मा के मार्गदर्शन में एसओजी टीम ने शनिवार को झारखंड के रांची में करोड़ों रुपए की प्रतिबंधित कफ सीरप की खेप पकड़ने में सफलता हासिल की। एसपी अभिषेक वर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अवैध कारोबार करने वालों के ख़िलाफ़ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सराहनीय कार्य करने वाली एसओजी टीम को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

Also Read: UP पुलिस भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन: लखनऊ में 35 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, अभ्यर्थी पहुंचे, बायोमेट्रिक जांच जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.