यूपी विधान परिषद चुनाव: सपा ने दो शिक्षक सीटों के उम्मीदवार बदले

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों पर होने वाले चुनावों से ठीक पहले समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर-फैजाबाद और आगरा खंड शिक्षक सीट पर पहले घोषित प्रत्याशियों को बदलकर नए चेहरों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी का दावा है कि यह फैसला संबंधित नेताओं की पूर्ण सहमति से लिया गया है।

गोरखपुर-फैजाबाद से डॉ. संजयन और आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल बने सपा प्रत्याशी

अखिलेश यादव ने गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी को और आगरा खंड शिक्षक सीट से प्रकाश चंद्र गुप्त के स्थान पर पूर्व एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को पार्टी का प्रत्याशी बनाया है। सपा प्रमुख ने पुराने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी के फैसले में सहयोग के लिए उन्हें समय आने पर उचित सम्मान दिया जाएगा।

गौरतलब है कि शिक्षक और स्नातक कोटे की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। गोरखपुर-फैजाबाद सीट से मैदान में उतरे डॉ. संजयन त्रिपाठी पहले भाजपा से टिकट मांग रहे थे, लेकिन भाजपा द्वारा ध्रुव त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद वे निर्दलीय मैदान में उतरे थे, जिन्हें अब सपा ने अपना प्रत्याशी बना लिया है। वहीं आगरा सीट से प्रत्याशी बनाए गए डॉ. आकाश अग्रवाल पहले निर्दलीय एमएलसी रह चुके हैं। उनका अनुभव क्षेत्र में सपा को मजबूती देगा।

उम्मीदवारों के नाम तय करने के साथ ही अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव में गलत तरीके से वोट बनवाए हैं। अखिलेश यादव ने शिक्षामित्रों, तदर्थ शिक्षकों, वित्तविहीन शिक्षकों और पुरानी पेंशन योजना (OPS) को आगामी चुनाव के प्रमुख मुद्दों में शामिल करने की बात कही। इसके अलावा, उन्होंने राज्य की गिरती कानून-व्यवस्था, अस्पतालों की बदहाली, बेरोजगारी, पेपर लीक मामलों और गोरखपुर में जलजमाव का वीडियो बनाने वाले पर हुई गुंडा एक्ट की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि सपा का पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठजोड़ आगामी चुनावों में भाजपा को पटखनी देगा।

Also Read: बदायूं में झोपड़ी जलने पर भड़की युवती, बोली- फूलन देवी बनकर लूंगी एक-एक से बदला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.